भिवानी। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल भिवानी की ओर से चलाए जा रहे विशेष जनजागरण अभियान के तहत मंगलवार को स्थानीय लिटिल हार्ट्स पब्लिक स्कूल में भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म, नैतिक संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति विषय पर प्रेरक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल भिवानी के जिला मंत्री गोपाल तंवर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और श्रेष्ठ संस्कार ही सशक्त एवं चरित्रवान समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलेगा तो वह भविष्य में एक आदर्श एवं जिम्मेदार नागरिक बन सकता है। गोपाल तंवर ने विद्यार्थियों से माता-पिता, गुरुजनों एवं बुजुर्गों का सम्मान करने, सत्य एवं ईमानदारी का पालन करने, समय का सदुपयोग करने तथा अपने व्यवहार में विनम्रता बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने ‘कृपया’, ‘धन्यवाद’ और ‘क्षमा’ जैसे शब्दों के सकारात्मक प्रयोग के साथ जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, योग एवं ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।उन्होंने विद्यार्थियों से देश के पर्व-त्योहारों, प्राचीन परंपराओं, राष्ट्रीय प्रतीकों एवं भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करने तथा जरूरतमंदों की सहायता, संविधान के सम्मान और राष्ट्रीय एकता को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा ऑनलाइन माध्यमों पर शिष्टाचार बनाए रखने की भी अपील की।विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पवन गोयल एवं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भावना गोयल ने कहा कि ऐसे प्रेरक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, नैतिकता और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों ने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने, उत्तम संस्कार अपनाने तथा सदैव राष्ट्रहित में कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।इस अवसर पर सेक्रेटरी डॉ. संजय गोयल, मैनेजर सतीश गोयल, प्राचार्य दीपक जोशी, वाइस प्रिंसिपल सुदेश तुलस्यान, कोऑर्डिनेटर सुनीता, बबीता, सोनिका, सुदेश सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।
