कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुगम बनाने के लिए जिला पुलिस भिवानी पूरी तरह सतर्क एवं तैयार : सुमित कुमार

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर दें : पुलिस अधीक्षक

भिवानी। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुगम तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस भिवानी द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आने वाले कांवड़ शिविरों तथा यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखें और नियमित रूप से गश्त करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों, शिविरों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और आमजन के निर्बाध आवागमन को ध्यान में रखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था भी लागू की गई है।

पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कांवड़ यात्रियों से सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान भाला, त्रिशूल एवं अन्य धारदार हथियार, मादक पदार्थ अथवा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु साथ ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कांवड़ की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल से कांवड़ लाने वाले श्रद्धालु मॉडिफाइड अथवा तेज आवाज करने वाले साइलेंसर का प्रयोग न करें तथा अपने वाहन के सभी वैध दस्तावेज साथ रखें।

कांवड़ यात्रा के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली अथवा किसी भी प्रकार के अवैध या असुरक्षित जुगाड़ वाहनों का प्रयोग न किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर पुलिस की लगातार गश्त जारी रहेगी। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया के माध्यम से असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने अथवा कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने सभी कांवड़ यात्रियों एवं जिले के नागरिकों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति, संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!