राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। हांसी रोड स्थित आरपीएस क्रिकेट मैदान में शनिवार शाम को जिला प्रशासन और प्रेस 11 के बीच टी-20 डे नाइट क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। डीसी-11 और प्रेस-11 के बीच खेले गए इस मुकाबले का उद्देश्य “नशा मुक्त भारत” तथा सड़क सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से युवाओं को जागरूक करना रहा। दूधिया रोशनी में खेली गई इस प्रतियोगिता का शुभारंभ डीसी साहिल गुप्ता ने किया।

इस दौरान प्रशासन टीम के सदस्य एसडीएम महेश कुमार एवं सीटीएम अनिल कुमार भी मौजूद रहे।मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रेस-11 की टीम डीसी-11 के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। डीसी-11 की सटीक और कसी हुई गेंदबाजी के चलते प्रेस-11 की पूरी टीम 15 ओवर में मात्र 61 रन ही बना सकी। इस दौरान सीटीएम अनिल कुमार ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए प्रेस-11 के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का अवसर नहीं दिया।

62 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसी-11 की ओर से डीसी साहिल गुप्ता और दादरी के पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार ने पारी की शुरुआत की। दोनों बल्लेबाजों ने आकर्षक चौके-छक्के लगाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि प्रेस-11 के गेंदबाजों ने शुरुआती छह ओवर तक अच्छा संघर्ष करते हुए दोनों सलामी बल्लेबाजों की साझेदारी तोड़ दी। इसके बाद सीटीएम अनिल कुमार और एसडीएम महेश कुमार ने जिम्मेदारी संभालते हुए संयमित बल्लेबाजी की और टीम को 13वें ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
डीसी-11 ने यह मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। बेहतरीन बल्लेबाजी और शानदार प्रदर्शन के लिए डीसी गुप्ता को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस दौरान अपना संदेश देते हुए डीसी साहिल ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं समय-समय पर आयोजित होती रहनी चाहिए। खेल व्यक्ति को तनावमुक्त रखने के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ भी बनाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से, विशेषकर युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल से आपसी सौहार्द की भावना प्रबल होती है।
इस अवसर पर जिला प्रेस 11 टीम के कोच एवं वरिष्ठ पत्रकार अजय सैनी, भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज, प्रेस 11 टीम कप्तान रवि जांगड़ा, दीपक शर्मा, सरदार कृष्ण सिंह, नरेंद्र उर्फ नेनु, अमित वैद्य, राजू मेहरा, जॉनी कुमार, हरिकिशन, कुलदीप शर्मा, अभय ग्रेवाल, सुंदर दिनोदिया, राहुल वैद्य, जगबीर दुग्गल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
