‘अपनी संस्कृति, अपने संस्कार’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को दिए नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति के संस्कार

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। विश्व हिंदू परिषद द्वारा चलाए जा रहे ‘अपनी संस्कृति, अपने संस्कार’ जनजागरण अभियान के अंतर्गत जनसेवा विद्या विहार स्कूल, भिवानी में विद्यार्थियों के बीच भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म, नैतिक संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति विषय पर प्रेरक संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ते हुए उन्हें समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के लिए जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री गोपाल तंवर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छे संस्कार ही व्यक्ति के चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता, गुरुजनों एवं बुजुर्गों का सम्मान करने, सत्य एवं ईमानदारी के मार्ग पर चलने, अनुशासन का पालन करने तथा विनम्र एवं शिष्ट व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाने के साथ-साथ पेड़-पौधों, जल एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए भी जागरूक रहना चाहिए। भारतीय संस्कृति के त्योहारों, परंपराओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और सांस्कृतिक विरासत के महत्व को समझना तथा उन्हें आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

गोपाल तंवर ने विद्यार्थियों को सहयोग एवं सेवा की भावना, राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और संविधान के सम्मान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दया, करुणा, प्रेम, सहनशीलता और क्षमा जैसे नैतिक मूल्य जीवन को श्रेष्ठ बनाते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल संस्कार अपनाने की सीख देते हुए मोबाइल एवं इंटरनेट का जिम्मेदारी से उपयोग करने तथा ऑनलाइन शिष्टाचार का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्वस्थ शरीर और शांत मन के लिए योग एवं प्राणायाम को जीवन का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया।

इस दौरान विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “देश हमें देता सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें।औरों का हित हो जिसमें, हम कुछ ऐसा करना सीखें।”कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने, अच्छे संस्कार अपनाने तथा राष्ट्रहित में सदैव कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जोगिंद्र शर्मा, विद्यालय के शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!