मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0 अभियान से विवादों के समाधान का सुनहरा अवसर: डीएलएसए सचिव पवन कुमार

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, भिवानी के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण, मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति के मार्गदर्शन में मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0 अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित समझौता योग्य मामलों का आपसी सहमति से त्वरित और कम खर्च में समाधान करना है।

उन्होंने बताया कि एक अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक मध्यस्थता योग्य मामलों की पहचान की जाएगी और एक अक्टूबर से अभियान का विधिवत शुभारंभ होगा। वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, व्यापारिक विवाद, उपभोक्ता विवाद, संपत्ति विभाजन, किरायेदारी सहित अन्य समझौता योग्य मामलों को मध्यस्थता के लिए चिन्हित किया जाएगा।

सीजेएम पवन कुमार ने कहा कि मध्यस्थता प्रक्रिया में निष्पक्ष मध्यस्थ की सहायता से दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर सकते हैं। इससे समय, धन और मानसिक तनाव की बचत होती है तथा पक्षकारों के संबंध भी सुरक्षित रहते हैं। उन्होंने नागरिकों, अधिवक्ताओं, सरकारी विभागों और न्यायालयों में लंबित मामलों के पक्षकारों से इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इच्छुक व्यक्ति जिला न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, भिवानी से संपर्क कर मध्यस्थता के माध्यम से अपने विवादों का समाधान करवा सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!