राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। कॉमनवेल्थ में बेटियों की इस स्वर्णिम सफलता के बाद भिवानी की स्कूली छात्राएं भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इसी कड़ी में स्थानीय महम गेट स्थित पंडित सीताराम शास्त्री गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने जुडो और कुराश प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और पूरे जिले का नाम गर्व से ऊंचा किया है। रोहतक के गोहाना रोड स्थित एक स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पंडित सीताराम शास्त्री स्कूल की 4 छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। पदक विजेता छात्राओं के विद्यालय प्रांगण पहुंचने पर उनका फूल-मालाओं और जोरदार तालियों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस बारे में जानकारी देते हुए प्राचार्या सोनिया कौशिक ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने अलग-अलग भार वर्ग और आयु वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस दौरान भूमिका पंवार ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। भूमिका का चयन पंजाब के लुधियाना में होने वाली आगामी नेशनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वही नव्या ने 36 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
नव्या ने भी लुधियाना में आयोजित होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। सौम्या ने 28 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता। भावना ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। प्राचार्या सोनिया कौशिक ने छात्राओं की पीठ थपथपाते हुए कहा कि यह सफलता केवल विद्यालय परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे भिवानी जिले के लिए गर्व का विषय है।
छात्राओं की इस बड़ी सफलता पर हरियाणा शेखावटी ब्रह्मचर्य आश्रम समिति के प्रशासक शुकदेव मुनि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ खेलों में जिस प्रकार हमारी बेटियों ने देश का नाम रोशन किया है, ठीक उसी राह पर चलते हुए विद्यालय की ये बेटियां भी अपनी कड़ी मेहनत और लगन से नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने विजेता छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि ये बेटियां आगे चलकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश का नाम चमकाएंगी।
