पीएम श्री बजीणा स्कूल का दबदबा : 20 पदक जीतकर रचा इतिहास

राजेश बिष्ट

अनुशासन और सही मार्गदर्शन से निश्चित रूप से मिलती है सफलता : प्राचार्य अनुप सिंह पुनिया

भिवानी : पीएम श्री स्कूलों की खेल प्रतियोगिता भिवानी जिला में आयोजित करवाई गई थी, जिसमें जिले के 14 पीएम श्री स्कूलों ने भाग लिया। इसमें से जिला के गांव बजीणा स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेते हुए 20 पदक हासिल कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यालय पहुंचने पर पदक विजेता छात्रों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अनूप सिंह पुनिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक व्यायाम नहीं हैं, बल्कि ये मानसिक एकाग्रता और बौद्धिक विकास का भी सशक्त माध्यम हैं। हमारे विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर 20 पदक जीतकर यह साबित कर दिया है कि यदि अनुशासन और सही मार्गदर्शन मिले, तो सफलता निश्चित है।

प्राचार्य ने कहा कि खेल बच्चों में टीम वर्क, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का साहस पैदा करते हैं। प्राचार्य अनुप सिंह पुनिया ने कहा कि यह तो बस शुरुआत है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि यही खिलाड़ी आगामी स्टेट लेवल (राज्य स्तर) की प्रतियोगिताओं में भी कड़ी मेहनत कर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाएंगे।

सफलता के इस सफर में टीम को आगे बढ़ाने और खिलाडिय़ों को तराशने के लिए प्राचार्य ने खेल प्रशिक्षकों की पीठ थपथपाई। उन्होंने विशेष रूप से शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता प्रिंस व पीटीआई धर्मेेंद्र के समर्पण और कठिन परिश्रम की सराहना की। इस खुशी के मौके पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने संयुक्त रूप से विजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!