किरण चौधरी ने राज्यसभा में उठाया दवाइयों की अनियंत्रित कीमतों और मरीजों पर बढ़ते आर्थिक बोझ का मुद्दा

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिए गए ब्रेकफास्ट में शामिल हुई राज्यसभा सांसद किरण चौधरी

भिवानी। राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने मंगलवार को सदन में देश में दवाइयों की अनियंत्रित कीमतों और उससे आम मरीजों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ का गंभीर मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि दवाइयों की अनियंत्रित कीमतों से मरीजों पर भारी मार पड़ रही है। महंगी दवाइयां आम आदमी की पहुंच से बाहर हैं, जिसस उनको भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर राज्यसभा सांसद किरण चौधरी मंगलवार को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिए गए ब्रेकफास्ट में शामिल हुई।

सदन में बोलते हुए चौधरी ने कहा कि कई दवाइयां जिनका निर्माण लागत केवल कुछ पैसे या कुछ रुपये प्रति गोली होती है, उन्हें बाजार में 30 रुपए से 35 रुपए तक बेचा जा रहा है। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार दवाइयों की वास्तविक खरीद लागत और मुद्रित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) के बीच का अंतर 50 से 350 गुना तक पाया गया है, जो दवा मूल्य निर्धारण प्रणाली में गंभीर विकृतियों को दर्शाता है।

किरण चौधरी ने यह भी कहा कि डॉक्टरों को जेनेरिक दवाइयां लिखने के लिए बाध्य करने पर चर्चा हो रही है, लेकिन केवल यह कदम पर्याप्त नहीं होगा। जब तक जेनेरिक दवाइयों के मुद्रित एमआरपी पर भी प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जाएगा, तब तक मरीजों को वास्तविक लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि कई मामलों में ब्रांडेड और जेनेरिक दवाइयों के बीच कीमतों का अंतर 200 गुना तक पाया गया है, जो आम नागरिकों के लिए अत्यंत महंगा है।यह समस्या विशेष रूप से महत्वपूर्ण और अधिक मांग वाली दवाइयों में अधिक गंभीर है।

वजन कम करने की दवाएं जैसे टिरजेपेटाइड (मौंजारो), महंगी कैंसर और हृदय रोग की दवाइयां, तथा 300 रुपए से 400 रुपए तक कीमत वाले अस्थमा इनहेलर यह दिखाते हैं कि निर्माण लागत और बाजार कीमत के बीच कितना बड़ा अंतर है। मधुमेह, दर्द निवारक और संक्रमण से जुड़ी दवाइयों में भी इसी प्रकार की असंगत कीमतें देखने को मिलती हैं।

किरण चौधरी ने सरकार से आग्रह किया कि दवाइयों की कीमतों पर सख्त नियम लागू किया जाए, पारदर्शी मूल्य निर्धारण प्रणाली विकसित की जाए, तथा गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र को मजबूत किया जाए, ताकि देश के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सस्ती और सुलभ दवाइयां उपलब्ध हो सकें।वहीं दूसरी ओर राज्यसभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी मंगलवार को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिए गए ब्रेकफास्ट में शामिल हुई। राष्ट्रपति ने किरण चौधरी के साथ बड़ी ही आत्मीयता के साथ परिचय किया और उनका अभिवादन स्वीकार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!