राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
⏩ किसानों के हकों के लिए जीवनपर्यंत संघर्षरत रहे चौधरी जंगबीर सिंह : राकेश टिकैत
भिवानी । प्रख्यात किसान नेता राकेश टिकैत पूर्व सांसद चौ रणजीत सिंह, डी आई जी राजेश दुग्गल, पूर्व विधायक बलवंत मायना और सूचना आयुक्त डॉ कुलबीर चिक्कारा सहित सैंकड़ो लोगो ने आज चौ जंगबीर सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। किसान नेता राकेश ने पूर्व सांसद चौधरी जंगबीर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें किसानों की आवाज़ और अधिकारों के सशक्त प्रहरी के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह ने अपना पूरा जीवन किसान वर्ग के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं को उठाने में समर्पित कर दिया।

राकेश टिकैत ने अपने शोक संदेश में कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि वे किसानों के सच्चे हितैषी और मार्गदर्शक थे। उन्होंने हर मंच पर किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाया और उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। चाहे बात फसलों के उचित मूल्य की हो, कृषि नीतियों में सुधार की हो या फिर किसानों के सम्मान की—उन्होंने हर मुद्दे पर बेबाक और निर्भीक होकर अपनी बात रखी। राकेश टिकैत ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा किसान समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।
पूर्व सांसद रणजीत सिंह ने कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह के निधन से न केवल किसान समाज, बल्कि पूरे प्रदेश और देश ने एक सशक्त, निडर और जनहितैषी नेता को खो दिया है, जिसकी भरपाई कर पाना कठिन है। डीआईजी राजेश दुग्गल ने जंगबीर सिंह को राजनैतिक और सामाजिक चेतना का अग्रदूत बताया। उन्होंने कहा कि मैं अपने कॉलेज के दिनों में उनके पुत्र कमल प्रधान के साथ कई बार मिला। उन्होंने हर बार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सूचना आयुक्त डॉ कुलबीर चिक्कारा ने कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह का जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा का प्रतीक था। उन्होंने हमेशा आम आदमी की पीड़ा को समझा और उसे दूर करने के लिए प्रयासरत रहे। उनके नेतृत्व और अनुभव से समाज को हमेशा प्रेरणा मिलती रहेगी।
इस अवसर पर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करने पूर्व विधायक बलवंत मायना, अर्जुन अवार्डी बॉक्सर राजकुमार सांगवान, आईएफएस देवेंद्र धनखड़, ईआईएस देवेंद्र दहिया, बार के पूर्व प्रधान सत्यजीत पिलानिया, सुनील डूडीवाला, रामप्रताप शर्मा, वैश्य ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विजय कृष्ण अग्रवाल, अरुण धनखड़, राजेंद्र सूरा पुर्व चैयरमेन जिला परिषद हिसार, दिनेश बॉक्सर पुलिस अधीक्षक युद्धवीर ख्यालिया पूर्व कमिश्नर, रणवीर सिंह पूर्व कमिश्नर, सतपाल यादव पार्षद, संदीप शर्मा पुलिस उपअधीक्षक, दिनेश बॉक्सर पुलिस उपअधीक्षक, विशाल वर्मा सिरसा, संजीत ख्यालिया, हरियाणा लोक गायक बाली शर्मा, एस डी एम ब्रह्म प्रकाश, विनोद चावला पार्षद सहित हजारों लोग उमड़े।
