राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय
: भिवानी के बंसीलाल पार्क की बदहाल स्थिति, प्रशासन को 5 दिन का अल्टीमेटम नहीं प्रार्थना
: पार्क की जल्द ली जाए सुध , यहां बना हुआ है खतरा: अशोक भारद्वाज
: पार्क की हरियाली व सौंदर्य को दिया जाए संरक्षण: भारद्वाज
भिवानी। हलवास गेट स्थित पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल के नाम से प्रसिद्ध पार्क इन दिनों बदहाली और अव्यवस्था का शिकार बना हुआ है। पार्क की स्थिति लगातार जर्जर होती जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग और जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पार्क सौंदर्यकरण जागरूकता अभियान के सूत्रधार एवं भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि यह पार्क अब सामाजिक गतिविधियों के बजाय शराबियों और आवारा कुत्तों का अड्डा बन गया है, जिससे यहां आने वाले नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।


सुबह और शाम सैर करने वाले लोगों, खासकर महिलाओं और सीनियर सिटीजन के लिए यह पार्क असुरक्षित होता जा रहा है। पार्क के अंदर खुलेआम शराब पी जाती है और बोतलें इधर-उधर फेंकी जाती हैं, जिससे आए दिन झगड़े और विवाद की घटनाएं सामने आती हैं। अशोक भारद्वाज ने कहा कि महिलाओं और बेटियों के लिए यहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, पार्क की पगडंडियों की खराब स्थिति के कारण बुजुर्गों को गिरने का खतरा बना रहता है और कई छोटे हादसे भी हो चुके हैं।

पार्क में लगे झूले, बेंच और कुर्सियां टूटी हुई हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को असुविधा हो रही है। सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए फव्वारे लंबे समय से खराब पड़े हैं और उनमें जमा गंदे पानी में डेंगू के मच्छर पनप रहे हैं। पार्क में चारों ओर गंदगी फैली हुई है, जिससे स्वच्छता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इसके अलावा, यह पार्क क्रिकेट खेलने वालों का मैदान बन गया है, जिससे अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।पार्क में लगी पानी की दोनों मोटर खराब होने के कारण हरियाली भी खत्म होती जा रही है। सैकड़ों पौधे पानी के अभाव में सूखने लगे हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने पार्क से जल एवं पर्यावरण संरक्षण साक्षरता अभियान के तहत पार्क सौंदर्यकरण जागरूकता अभियान शुरू किया है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग को 5 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें जन सत्याग्रह का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

इस अवसर पर सीनियर सिटीजन मैदा राम सोनी, दीन दयाल कामरा, आनंद कुमार, चेतन प्रकाश, राज कुमार वर्मा, पदम सोनी, राजेश सोनी, मेंबर सिंह, नरेंद्र सोनी, राजेश शर्मा, सतनारायण सोनी उर्फ बुल्ला अंचल, दिनेश शर्मा, आनंद सोनी, रमेश ठाकुर, आनंद चौधरी, शुभम वर्मा, ओम प्रकाश, महेंद्र , सीताराम और ईश्वर अंचल ने भी एकजुट होकर प्रशासन से पार्क की जल्द सुध लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे उन्हें गहरा मलाल है।
