राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। शहर के इंप्रवमेंट ट्रस्ट मार्केट में पिछले कुछ समय से असामाजिक तत्वों का आतंक बढ़ गया है। मार्केट में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में गहरा रोष है। ताज़ा मामले में शुक्रवार रात का है, जब चोरों ने मार्केट से पानी की मोटर पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले में इंप्रवमेंट ट्रस्ट मार्केट एसोसिएशन के प्रधान महाबीर जांगड़ा के नेतृत्व में दुकानदारों ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में जानकारी देते हुए प्रधान महाबीर जांगड़ा ने बताया कि 8 मई की रात को अज्ञात चोरों ने मार्केट परिसर से पानी की मोटर चोरी कर ली। उनका कहना था कि यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी मार्केट में कई बार छोटी-बड़ी चोरियां हो चुकी हैं। असामाजिक तत्वों के बढ़ते दखल के कारण व्यापारियों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ असुरक्षा का डर भी सता रहा है।
जांगड़ा ने कहा कि इंप्रवमेंट ट्रस्ट मार्केट में चोरों और असामाजिक तत्वों का आना-जाना बहुत बढ़ गया है। आए दिन यहां चोरी की वारदातें हो रही हैं। बीती रात भी चोर पानी की मोटर ले उड़े। हमने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि यहां गश्त बढ़ाई जाए और इन शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि व्यापारी बिना किसी डर के अपना काम कर सकें।
इस दौरान मार्केट के दुकानदारों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन चोरियों पर अंकुश नहीं लगाया गया और आरोपियों को नहीं पकड़ा गया, तो वे आगामी कदम उठाने को मजबूर होंगे। इस मौके पर उनके साथ प्रदीप रंगा, अनिल शर्मा, प्रमोद कुमार, जीतू, लाला कोरियर, प्रदीप यादव, सतीश शर्मा, दीपक शर्मा, प्रमोद सैनी, जगबीर जाखड़ सहित अन्य दुकानदार मौजूद रहे।
