राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। थाना सिविल लाइन पुलिस भिवानी ने पत्नी और सास पर तेजधार हथियार से हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा, डंडा और दरांती भी बरामद की है।पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में जिला पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना सिविल लाइन पुलिस ने इस गंभीर मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को वारदात वाले दिन ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार भारत नगर, नई अनाज मंडी हिसार निवासी महिला ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह 21अप्रैल को अपनी मां के साथ सेक्टर-13 भिवानी स्थित रिश्तेदार के घर आई हुई थी। इसी दौरान उसका पति दीपक वहां पहुंचा और उसे अपने साथ चलने के लिए कहने लगा। महिला द्वारा मना करने पर आरोपी गुस्से में आ गया।
आरोप है कि दीपक पहले अपने ई-रिक्शा से डंडा निकालकर लाया और पत्नी सोनिया पर हमला कर दिया। जब उसकी मां ने बीच-बचाव किया तो आरोपी दोबारा ई-रिक्शा के पास गया और वहां से दरांती लेकर आया। आरोपी ने पत्नी और सास पर दरांती से कई वार किए तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
घटना में घायल दोनों महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस चौकी सेक्टर-13 इंचार्ज एएसआई विजय कुमार ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक पुत्र रोशन निवासी बरवाला हिसार, हाल निवासी भारत नगर, नई सब्जी मंडी हिसार को सेक्टर-13 क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हिसार में ई-रिक्शा चलाने का काम करता है और शराब पीने का आदी है। उसने अपनी पत्नी और सास पर हमला करने की बात भी स्वीकार की।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
