‘शांति मेरा स्वभाव’ अभियान के तहत दिव्य पीस वॉक आयोजित, आत्मिक शांति का दिया संदेश

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय


भिवानी। आज के तनावपूर्ण और भागदौड़ भरे जीवन में मानसिक अशांति के बीच आत्मिक शांति की खोज को केंद्र में रखते हुए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, दिव्य भवन, रूद्रा कॉलोनी, भिवानी द्वारा प्रभात वेला में ‘पीस इज माय नेचर’ (शांति मेरा स्वभाव) प्रोजेक्ट के अंतर्गत एक रूहानी, अलौकिक एवं दिव्य पीस वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को आंतरिक शांति से जोड़ना और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देना रहा।


इस अवसर पर शाखा संचालिका बीके रजनी दीदी ने कहा कि शांति हर आत्मा का स्वधर्म है और जिसे हम बाहर तलाशते हैं, वह वास्तव में हमारे भीतर ही विद्यमान है। उन्होंने कहा कि हम सभी शांति के सागर परमपिता परमात्मा की संतान हैं, इसलिए शांति हमारी निजी संपत्ति है। उन्होंने कहा कि जीवन की व्यस्तताओं के बीच कुछ क्षण रुककर आत्मचिंतन करना आवश्यक है। जब व्यक्ति स्वयं को परमात्मा से जोड़कर अपने वास्तविक स्वरूप में स्थित हो जाता है, तो उससे शांति के कंपन स्वतः चारों ओर फैलने लगते हैं, जिससे परिवार, समाज और विश्व में सुख-शांति का वातावरण बन सकता है।


भाजपा जिला पार्षद शालू अरोड़ा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज के तनावपूर्ण समाज में ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा शांति की अनुभूति कराने का यह एक अनूठा प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को इससे जुड़कर आत्मिक शांति का अनुभव करना चाहिए, जिससे हर घर मंदिर जैसा पवित्र बन सकता है।

पीस वॉक में शामिल प्रतिभागियों ने भी अपने भीतर शांति की अनुभूति कर सकारात्मक ऊर्जा को वातावरण में प्रसारित किया। इस दौरान मीडिया प्रभारी बीके सुभाष गोयल, बीके राजकुमार, बीके मोहित, बीके कमल, बीके जगदेव, बीके रमाकांत, बीके कलावती सहित अनेक बीके भाई-बहन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!