ब्रह्माकुमारीज शाखा बौंद कलां ने बाबा चंदू दास धाम में मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बौंद कलां शाखा द्वारा बाबा चंदू दास धाम में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया तथा पौधारोपण किया गया।इस अवसर पर राजयोगिनी बीके सुमित्रा ने पर्यावरण का महत्व बताते हुए कहा कि हमारे चारों ओर मौजूद प्राकृतिक एवं मानव निर्मित तत्व मिलकर पर्यावरण का निर्माण करते हैं। वायु, जल, भूमि, पेड़-पौधे, पशु-पक्षी आदि हमारे जीवन का आधार हैं और इनके संतुलन पर ही समस्त जीव-जगत का अस्तित्व निर्भर करता है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का प्रथम कर्तव्य है। इसके लिए कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालना, प्लास्टिक का कम उपयोग करना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करना आवश्यक है। उन्होंने आध्यात्मिक दृष्टिकोण से भी पर्यावरण की व्याख्या करते हुए कहा कि जिस प्रकार बाहरी पर्यावरण की स्वच्छता आवश्यक है, उसी प्रकार आत्मा की शुद्धता भी जरूरी है। आत्मा में व्याप्त विकारों को दूर कर परमात्मा मानव को श्रेष्ठ जीवन के योग्य बनाते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बौंद कलां थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सन्नी कुमार ने कहा कि पर्यावरण और जल संरक्षण मानव जीवन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को आर्थिक, शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर देता है। युवाओं को अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए नशामुक्त जीवन अपनाना चाहिए।

गांव रणकोली के सरपंच प्रेम कुमार ने कहा कि स्वच्छ वातावरण के लिए अपने आसपास की गलियों और मोहल्लों में नियमित सफाई रखना आवश्यक है। इससे अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और स्वस्थ समाज का निर्माण होता है।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों ने बाबा चंदू दास धाम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों को प्रकृति की रक्षा के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर बीके आरती, बीके शीतला, बीके नीलम, बीके अजूं, उदेभान, मीडिया सेवाधारी बीके भीम सिंह चौहान, मीडिया कोऑर्डिनेटर बीके धर्मवीर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!