12 वर्षों में भारत ने विकास और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लिखा : रीतिक वधवा

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

40 साल से अधिक समय से पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे गांव धरेडू के पूर्व सरपंच वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ शंभू दयाल को शाल ओड़ा कर किया सम्मानित

भिवानी। भारतीय जनता पार्टी के लिए सत्ता सुख भोगने का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। भाजपा ने ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ की भावना को व्यावहारिक रूप से लागू किया है। 12 वर्षों में भारत ने विकास और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लिखा है | उक्त शब्द भाजपा के पूर्व प्रदेश सह मीडिया प्रमुख रीतिक वधवा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत कहे।

जनसंपर्क अभियान के दौरान जिले के गांव धारेड़ू पहुंच कर भाजपाइयों ने 40 साल से अधिक समय से पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे गांव धरेडू के पूर्व सरपंच एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ शंभू दयाल जी को शाल ओड़ा कर सम्मानित किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक ढांचा अन्य राजनीतिक दलों से भिन्न है। उन्होंने कहा कि जिन दलों में परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति हावी होती है, वहां संगठन कुछ लोगों तक सीमित रह जाता है, जबकि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम, समर्पण और प्रतिभा के बल पर नेतृत्व की सर्वोच्च जिम्मेदारियां निभाने तक पहुंच सकता है।

उन्होंने कहा कि यही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता है। वर्ष 1980 में एक सशक्त, समृद्ध और शक्तिशाली भारत के निर्माण के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की गई थी। भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन तक संगठन ने निरंतर विस्तार प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के बल पर आज भाजपा 14 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1984 में केवल दो सीटों के साथ अपनी यात्रा शुरू करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने आज देशभर में जनसमर्थन प्राप्त किया है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह उपलब्धि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने सभी से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ हरियाणा को देश का अग्रणी एवं सर्वाधिक विकसित राज्य बनाने के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हरियाणा अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शंभू दयाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष बाबूलाल स्वामी, किसान मोर्चा पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक तिगड़ी, अजीत तिगड़ी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!