एक ही परिवार से तीन सैन्य अधिकारी : लेफ्टिनेंट जय यादव ने बढ़ाया गौरव, बहन और ममेरे भाई भी सेना में अधिकारी

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

गयाजी। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में 13 जून 2026 को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में लेफ्टिनेंट जय यादव भारतीय सेना की रेजिमेंट ऑफ आर्टिलरी में कमीशन होकर देश सेवा के लिए समर्पित हुए। उनके कमीशन होने के साथ ही यह परिवार सैन्य परंपरा और राष्ट्रसेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।जय यादव की बड़ी बहन कैप्टन अदिति यादव तीन वर्ष पूर्व रेजिमेंट ऑफ आर्टिलरी में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त कर चुकी हैं, जबकि उनके ममेरे भाई कैप्टन सृजल यादव भारतीय सेना की कोर ऑफ इंजीनियर्स में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

एक ही परिवार से तीन युवा अधिकारियों का सेना में चयन होना क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। सैन्य सेवा की यह विरासत परिवार में पहले से ही मौजूद है। जय यादव के पिता कोमोडोर अजय यादव भारतीय नौसेना में वरिष्ठ अधिकारी हैं, वहीं उनके मामा कर्नल लक्ष्मीकांत यादव भारतीय सेना में कार्यरत हैं। परिवार की इसी देशभक्ति और अनुशासन की परंपरा ने नई पीढ़ी को भी राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया है।

लेफ्टिनेंट जय यादव की उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए कहा कि समर्पण, मेहनत और देशभक्ति की भावना से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।एक ही परिवार में नौसेना और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए तीन युवा अधिकारियों का भारतीय सशस्त्र बलों में सेवा देना वास्तव में राष्ट्रसेवा की अद्भुत मिसाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!