राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। चिरंजीव कॉलोनी, भिवानी में कामरेड फूल सिंह इन्दोरा की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन एटक के जिला महासचिव अमरेश राय तथा बीटीएम मिल के प्रधान रण सिंह यादव ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक को संबोधित करते हुए कामरेड फूल सिंह इन्दोरा ने आरोप लगाया कि केंद्र एवं हरियाणा सरकार श्रमिक विरोधी नीतियां अपनाकर मजदूर वर्ग के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजदूरों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है तथा ट्रेड यूनियनों और भवन निर्माण मजदूरों के अधिकारों पर लगातार हमला हो रहा है।
इन्दोरा ने कहा कि सरकार को समय रहते श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, अन्यथा उसे मजदूरों के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की लंबे समय से बंद पड़ी वेबसाइट को शीघ्र शुरू किया जाए तथा विभिन्न योजनाओं के तहत लंबित आवेदनों की राशि जल्द से जल्द लाभार्थियों के खातों में भेजी जाए।
उन्होंने किसानों की बर्बाद हुई फसलों का उचित मुआवजा देने की भी मांग की। साथ ही कर्मचारी, किसान, मजदूर, कच्चे कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, बैंक कर्मचारी, हरियाणा रोडवेज तथा बिजली कर्मचारियों से 10 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘जेल भरो आंदोलन’ को सफल बनाने की अपील की।
बैठक के अंत में कामरेड इन्दोरा ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते श्रमिकों और किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आने वाले समय में व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस अवसर पर राजेश तिवारी, प्रदीप, विक्रम सिंह, जोगेंद्र, राजीव, धनंजय, कामरेड अजय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
