खेल के मैदान के बाद अब शिक्षा के क्षेत्र में चमका शहर का नाम : भिवानी की बहू मंजू ने हासिल की पीएचडी की उपाधि

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

शादी के बाद अपने सपनों को अधूरा छोडऩे वाली महिलाओं के लिए एक संदेश है मंजू की सफलता : मनीष कुमार

भिवानी। खेलों की दुनिया में भिवानी की बेटियों और बहुओं के शानदार प्रदर्शन के बाद अब शहर की एक और बहू ने शिक्षा के क्षेत्र में भिवानी का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। स्थानीय बैंक कॉलोनी निवासी मनीष कुमार की पत्नी मंजू देवी ने कंप्यूटर साइंस विषय में अपनी पीएचडी की डिग्री सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। उन्होंने यह उपलब्धि रोहतक की बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी से हासिल की है। वर्तमान में मंजू तोशाम के एक महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं और युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ रही हैं। मंजू की इस बड़ी सफलता पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है।

इस मौके पर असिस्टेंट प्रोफेसर डा. मंजू ने कहा कि पीएचडी की पढ़ाई पूरी करना और डॉक्टर की उपाधि हासिल करना उनका हमेशा से सपना था। एक महिला के लिए विवाह के बाद अपनी पढ़ाई को जारी रखना आसान नहीं होता, लेकिन जब परिवार का सहयोग मिले तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं रहता। मंजू ने कहा कि उनकी पति मनीष ने हर कदम पर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन किया। तोशाम कॉलेज में पढ़ाते हुए उनका हमेशा प्रयास रहता है कि वे अपने विद्यार्थियों को भी तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित कर सकें।

वही डा. मंजू के पति मनीष कुमार ने कहा कि उन्हे अपनी पत्नी की इस उपलब्धि पर बेहद गर्व है। उन्होंने अपनी 13 वर्षीय बेटी की देखभाल के साथ-साथ महाविद्यालय में पढ़ाने की अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए जिस समर्पण के साथ रिसर्च का काम पूरा किया है, वह हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी की यह सफलता उन सभी महिलाओं के लिए एक संदेश है जो शादी के बाद अपने सपनों को अधूरा छोड़ देती हैं, मेहनत और लगन से हर मुकाम पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भिवानी का नाम हमेशा से खेलों में आगे रहा है, लेकिन मंजू ने यह साबित कर दिया है कि शिक्षा और अनुसंधान में भी हमारे शहर की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं। हम हमेशा उनके हर कदम में उनके साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!