भिवानी की बेटी ज्योति ने 9वीं राणा सांगा ट्रॉफी बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

भिवानी 30 जनवरी 2026। श्री जगदीश कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भिवानी की होनहार छात्रा ज्योति ने राजस्थान के उदयपुर स्थित एमबी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय 9वीं राणा सांगा ट्रॉफी ओपन जूनियर एवं यूथ (बॉयज व गर्ल्स) बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता राजस्थान एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, ओड़िशा, असम, उत्तराखंड, बिहार तथा उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली मुक्केबाजों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा मुक्केबाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना रहा।

भिवानी की उभरती खिलाड़ी ज्योति ने फाइनल मुकाबले में उदयपुर की मुक्केबाज दीक्षिता को कड़े संघर्ष में पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस ऐतिहासिक जीत से विद्यालय, परिवार और पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।ज्योति के स्कूल पहुंचने पर विद्यालय परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया। शिक्षकों व छात्राओं ने मिठाई खिलाकर और तालियों की गूंज के साथ ज्योति की उपलब्धि का जश्न मनाया।

विद्यालय की प्राचार्या संगीता सैनी ने ज्योति को बधाई देते हुए कहा कि आज की लड़कियां किसी से पीछे नहीं हैं। हर क्षेत्र में बेटियां आगे बढ़कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। ज्योति की यह सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

अपनी जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ज्योति ने कहा कि इस सफलता का श्रेय वह अपने माता-पिता, कोच और शिक्षकों को देती हैं। उन्होंने बताया कि मेरा लक्ष्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर अपने देश, जिले, स्कूल, माता-पिता, कोच और शिक्षकों का नाम रोशन करना है।ज्योति की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!