1 फरवरी को होगा भव्य समारोह, 37 लाख रुपये के पुरस्कार होंगे वितरित

वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिकोत्सव को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस

भिवानी हरियाणा। वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में विद्यालय के आगामी वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।

विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष घनश्याम दास सर्राफ एवं महासचिव बृजलाल सर्राफ ने बताया कि विद्यालय का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह 1 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सत्र 2024-25 के शैक्षिक पुरस्कार तथा सत्र 2025-26 के दौरान सह-पाठ्येतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि एवं आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

महासचिव बृजलाल सर्राफ ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में मेधावी छात्रों को लगभग 14 लाख रुपये की नकद छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं, बोर्ड परीक्षाओं में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 75 विद्यार्थियों को 50 ग्राम गोल्ड प्लेटेड रजत पदक, 90 प्रतिशत या अधिक अंक पाने वाले 32 विद्यार्थियों को 50 ग्राम रजत पदक, तथा एक विद्यार्थी को 10 ग्राम रजत पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। इन पुरस्कारों की कुल राशि लगभग 18 लाख रुपये है।इसके अतिरिक्त, सत्र 2025-26 में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को 55,300 रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी।

वहीं, बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले अध्यापक एवं अध्यापिकाओं को 83,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 37 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, योग प्रदर्शन, कव्वाली सहित अनेक रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें करीब 600 विद्यार्थी अपनी सहभागिता निभाएंगे। शिक्षकवर्ग एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी कार्यक्रम की सफलता को लेकर पूरी तरह से तत्पर और जिम्मेदार भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने सर्वशक्तिमान ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी अभिभावकों से समारोह में सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!