
राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी, हरियाणा 30 जनवरी। राष्ट्रीय कामगार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुजरानी की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय कामगार संघ एवं भवन निर्माण संघ की बैठक प्रदेश ऑफिस सुरेश गुजरानी के कार्यालय में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता खुद सुरेश गुजरानी ने की। बैठक में सर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों ने बढ़-चढक़र भाग लिया।इस दौरान भारत बन्द और सरकार द्वारा बनाए हुए चार नए लेबर कोड का विरोध जताया गया और आगामी 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया गया। इस हड़ताल का व्यापक असर भिवानी में देखने को मिलेगा, जहां भवन निर्माण, मनरेगा मजदूर, स्कीम वर्कर, कच्चे-पक्के कर्मचारी सहित संयुक्त किसान मोर्चा ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल पूर्ण समर्थन का ऐलान किया है।
उन्होंने कहा कि नए नियमों के तहत प्रबंधकों को 8 घंटे की बजाय 12 घंटे ड्यूटी लेने की छूट मिल जाएगी। 299 तक की संख्या वाले उद्योगों के मालिकों को अब मजदूरों की छंटनी, ले-ऑफ और तालाबंदी के लिए कड़े नियमों की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे रोजगार की सुरक्षा खत्म हो जाएगी। लोर वेज की अवधारणा लाकर मजदूरों को न्यूनतम वेतन से भी कम भुगतान करने का रास्ता खोल दिया गया है। नए कोड के जरिए मजदूरों के यूनियन बनाने और सामूहिक रूप से मांग मनवाने की शक्ति को कमजोर किया गया है। उन्होंने कहा कि अब लगभग सभी क्षेत्रों में ठेका प्रथा को लागू करने का प्रावधान किया गया है, जो सीधे तौर पर शोषण को बढ़ावा देगा।सुरेश गुजरानी ने कहा कि सरकार के इन फैसलों से मजदूरों के जीवन में कंगाली, दुख-तकलीफ और अभाव बढ़ेगा। हम काम का बोझ और वेतन में कटौती को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उन्होंने न केवल औद्योगिक श्रमिकों बल्कि कर्मचारियों और आम मेहनतकश जनता से भी अपील की है कि वे इस हड़ताल को सफल बनाने में सहयोग दें।इस अवसर पर प्रधान अशोक शर्मा चरखी दादरी, झज्जर के जिला प्रधान दलबीर खटक, महेंद्रगढ़ से जिला प्रधान विष्णु यादव, प्रमिला देवी चरखी दादरी, लिगल एडवाईजर सुशीला यादव भिवानी, सुमन बलियाली, पूजा बलियाली, प्रधान अनिल दहिया कोसली, ममता दहिया महिला विंग प्रधान भिवानी, ऑफिस सेक्रेटरी सारिका रंगा सहित आदि शामिल रहे।
