विकसित भारत की नींव मजबूत करने वाला ऐतिहासिक बजट : वीरेंद्र कौशिक

राजेश बिष्ट
भिवानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के इस महत्वपूर्ण बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने इसे मध्यम वर्ग, किसानों, युवाओं और महिलाओं के सपनों को पंख देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का एक सशक्त रोडमैप है।

जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने बजट में आयकर सुधारों का स्वागत करते हुए कहा कि आयकर अधिनियम 2025 का एक अप्रैल 2026 से लागू होना कर प्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाएगा। उन्होंने विशेष रूप से मध्यम वर्ग के लिए किए गए प्रावधानों की सराहना की, जिससे आम आदमी की बचत बढ़ेगी और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे। बजट की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए वीरेंद्र कौशिक ने बताया कि हर जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा महिला सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम है। एमएसएमई सेक्टर के लिए विकास निधि और रेयर-अर्थ कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट्स से स्थानीय स्तर पर लाखों नौकरियों के अवसर सृजित होंगे। मुंबई-पुणे और हैदराबाद-बेंगलुरु जैसे 7 हाई-स्पीड पैसेंजर कॉरिडोर की घोषणा से देश में परिवहन की रफ्तार बदलेगी।

कौशिक ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प को दोहराते हुए सरकार ने भारत विस्तार नाम से एक वर्चुअली इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म और एग्रो-रिसोर्स सेंटर की शुरुआत की है। इससे बीज से लेकर बाजार तक की दूरी कम होगी और किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिल सकेगा। जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को चरितार्थ करता है। वित्त मंत्री ने राजकोषीय घाटे को 4.3 प्रतिशत तक लाने का जो लक्ष्य रखा है, वह भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है। यह बजट गाँव, गरीब और किसान के साथ-साथ आधुनिक भारत की डिजिटल और इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधी जरूरतों को भी पूरा करता है।

उन्होंने बताया कि बजट में 4.3 प्रतिशत का राजकोषीय घाटा लक्ष्य रखा गया है, जो आर्थिक स्थिरता का प्रमाण है। साथ ही 12.2 लाख करोड़ का रिकॉर्ड कैपिटल एक्सपेंडिचर बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति देगा, जिससे टायर-2 और टायर-3 शहरों में रोजगार के द्वार खुलेंगे। वीरेंद्र कौशिक ने मेक इन इंडिया 2.0 की सराहना करते हुए कहा कि बायोफार्मा शक्ति (10,000 करोड़) और सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 से भारत वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के लिए 40,000 करोड़ का आवंटन देश को आत्मनिर्भर बनाएगा। बजट में प्रस्तावित भारत-विस्तार से किसानों की आय बढ़ेगी। फसल विविधीकरण और 500 जलाशयों के विकास से मत्स्य पालन क्षेत्र को नई संजीवनी मिलेगी। वीरेंद्र कौशिक ने अंत में कहा कि यह बजट ‘सबका साथ-सबका विकास के विजन को साकार करता है और 2047 तक भारत को एक वैश्विक महाशक्ति बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

इस अवसर पर संदीप श्योराण, शंकर धूपड़, मीना परमार, मोहित, महेंद्र यादव, लोकेश बंटी, सोनिया अत्री, विनोद चावला, अशोक बिडलान, धर्मेंद्र जिंदल, सतपाल यादव, विनोद सरपंच, सुरेश, अक्षय परमार, सूर्य पताप, राजे फौजी नौरंगाबाद, अंकित पालुवास, जगवीर सिंह, प्रदीप प्रजापति, सज्जन कौर, राकेश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!