एंटी नारकोटिक सेल भिवानी ने 5.56 ग्राम हेरोइन सहित एक आरोपी को किया गिरफ्तार

राजेश बिष्ट

भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल भिवानी ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 5.56 ग्राम हेरोइन सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार 31 जनवरी को एंटी नारकोटिक सेल भिवानी के उप निरीक्षक अमरजीत सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ तोशाम क्षेत्र में गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति तोशाम पहाड़ के पीछे मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर रेड की और एक युवक को काबू कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान पवन पुत्र हनुमान, निवासी गांव खानक, थाना तोशाम, जिला भिवानी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 5.56 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध थाना तोशाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का कार्य करता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले भी थाना तोशाम में शस्त्र अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।जिला पुलिस भिवानी नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!