अपराध में बनाया नंबर वन, युवा पलायन करने को है मजबूर : राव नरेंद्र सिंह

राजेश बिष्ट

भिवानी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने रविवार को भिवानी का दौरा किया, जहां उन्होंने विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत की। प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद भिवानी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान राव नरेंद्र सिंह ने सीधे तौर पर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उसे हर मोर्चे पर विफल करार दिया। राव नरेंद्र सिंह के भिवानी आगमन पर बामला टोल प्लाजा पर भारी उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम को देखते हुए राव नरेंद्र सिंह ने उन्हें संबोधित किया और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पूरी मजबूती से जुटने के निर्देश दिए। इस मौके पर राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसान पिछले सात महीनों से जलभराव के मुआवजे के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, लेकिन सरकार के पास उनकी सुध लेने का समय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा योजना को प्रभावी ढंग से बंद करके सरकार ने गरीब मजदूरों के पेट पर लात मारने का काम किया है।

प्रदेश अध्यक्ष राव ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बढ़ते अपराध के कारण व्यापारी वर्ग भय के साये में जी रहा है। वहीं, रोजगार के अवसर खत्म होने से प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। उन्होंने महंगाई, भ्रष्टाचार और बढ़ती जनसमस्याओं को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा ने केवल प्रचार किया है, धरातल पर जनता को केवल परेशानियां मिली हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को बेरोजगारी और अपराध में नंबर वन बना दिया है। किसान मुआवजे के लिए भटक रहा है और युवा पलायन को मजबूर है। कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यकर्ता तेजी और मजबूती के साथ फील्ड में उतरें और जनता के बीच अपनी पैठ बढ़ाएं।

इस अवसर पर सत्यजीत पिलानिया, अमन तंवर राघव, संजय गांधी, समीर खटीक एससी जिला प्रधान, शिवकुमार चांगिया, डा. जयवीर गोयत, रूपेंद्र ग्रेवाल, रमेश ढिग़ाव, मा. अनिल वाल्मीकि, उमेश, भारद्वाज, सुमित उर्फ सीट, दिनेश शास्त्री, रवि सोलंकी, बलबीर सरोहा, मा. बलवंत घणघस, तोला राम शर्मा, डा. फूल सिंह धनाना, शिव कुमार धानक, सुमित बराड़, देबू हालुवास, अमित पंघाल, मुकेश पहलवान, रोबिन चौहान, तरूण, सुंदर हुड्डा, पवन गुजरान, प्रवीण एडवोकेट, सूरज धानक सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!