तेरापंथ महिला मंडल भिवानी द्वारा प्रेक्षा विहार में सर्वाइकल कैंसर एवं पैप स्मीयर स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन, 50 मरीजों की हुई जांच

राजेश बिष्ट

विश्व कैंसर दिवस पर अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की अनूठी पहल
भिवानी : विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में भिवानी महिला मंडल द्वारा बुधवार को सर्वाइकल कैंसर चेक-अप एवं पैप स्मीयर स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया।

स्थानीय किरोड़ीमल पार्क के सामने स्थित प्रेक्षा विहार भवन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर जांच के माध्यम से जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। शिविर में बतौर मुख्यअतिथि विधायक घनश्याम सर्राफ की धर्मपत्नी प्रेमलता सर्राफ ने शिरकत की तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर भिवानी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रघुबीर व डिप्टी सीएमओ डा. सुमन विश्वकर्मा ने शिरकत की। इस मौके पर तेरापंथ महिला मंडल भिवानी की तरफ से अध्यक्षा सुषमा जैन, मंत्री संस्कृति जैन, अधिवक्ता सुरेंद्र जैन, सनमति जैन, अशोक जैन सहित अनेक लोगों का विशेष योगदान रहा। इस दौरान शिविर 50 मरीजों की जांच की गई।

शिविर की शुरुआत महिलाओं को प्रेरित करने वाले नारों के साथ हुई। तेरापंथ महिला मंडल भिवानी की तरफ से अध्यक्षा सुषमा जैन व मंत्री संस्कृति जैन ने स्पष्ट संदेश दिया कि जागरूकता ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का एकमात्र सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान आरोग्यम मिशन के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं ने पंजीकरण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में अपनी जांच करवाई। उन्होंने बताया कि शिविर में महिलाओं के लिए पैप स्मीयर टेस्ट पूरी तरह से निशुल्क रखा गया।

इस दौरान 25 से 65 वर्ष की महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। वही शिविर के दौरान उन महिलाओं को विशेष चिकित्सकीय सलाह दी गई, जो मासिक धर्म के कारण जांच नहीं करा सकीं, उन्हें 48 घंटे बाद दोबारा आने का सुझाव दिया गया। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा देश भर के विभिन्न 330 शहरों में यह शिविर आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य जांच शिविर कैंप को इतने बड़े स्तर पर आयोजित करवाने के लिए गिनीज बुक वल्र्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाना था।

इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रघुबीर शांडिल्य व डिप्टी सीएमओ डा. सुमन विश्वकर्मा ने कहा कि कैंसर से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि इससे लडऩे के लिए सजग होने की जरूरत है। आज सजगता कल जि़दगी के मंत्र के साथ आयोजित यह शिविर बहुत ही सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से महिलाओं को ना केवल महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सकता है, बल्कि एक स्वस्थ समाज का निर्माण भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से महिलाओं ने आगे बढक़र अपनी जांच करवाई है, वह समाज में बदलाव का एक सकारात्मक संकेत है।
     गौरतलब होगा कि इस शिविर में महिलाओं की नि:शुल्क पैप स्मियर जांच की गई, जो कि सवाईकल कैंसर की प्रारंभिक पहचान है। सवाईकल कैंसर गर्भाश्य के निचले भाग में होने वाला कैंसर है, यह भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है, जो कि चिंता का विषय है  तथा हर वर्ष लगभग एक लाख 30 हजार इस कैंसर के नए मामले सामने आते है। जिसमें करीबन 78 हजार महिलाओं की मृत्यु तक हो जाती है। दुनिया के हर 4 मामलों में से एक मामला भारत में पाया जताा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!