राजेश बिष्ट

हनुमान गेट पर एन एच की टूटी सड़क बन रही है हादसो का कारण
भिवानी। शहर के व्यस्ततम हनुमान गेट क्षेत्र में एनएच-709 ई मार्ग पर जलापूर्ति (वाटर सप्लाई) पाइपलाइन और सीवरेज कार्य के बाद सड़क को सही ढंग से बहाल न किए जाने के कारण अब यह स्थान दुर्घटनाओं का संभावित केंद्र बन गया है। संबंधित विभाग द्वारा पाइपलाइन की मरम्मत तो कर दी गई, परंतु उसके बाद सड़क की ड्रेसिंग अधूरी छोड़ दी गई, जिससे मार्ग के बीचोंबीच गहरा गड्ढा बन गया है।

इस बारे में संबंधित विभाग को बार बार चेताया गया। हिट एंड रन सड़क सुरक्षा कानून समिति सदस्य एवं सड़क सुरक्षा कार सेवा अभियान के सूत्रधार अशोक कुमार भारद्वाज अनुसार, यह गड्ढा दिन-प्रतिदिन और गहरा होता गया। भारी वाहन इसके पास से गुजरते समय फंसने या पलटने का खतरा झेलते हैं। वहीं छोटे वाहन चालक असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। सड़क के नीचे की मिट्टी धंसने से स्थिति और भी खतरनाक बन चुकी है। रात के समय यह गड्ढा स्पष्ट दिखाई नहीं देता था, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ गई थी। इस गंभीर समस्या को लेकर आपदा सड़क सुरक्षा कार सेवा अभियान के सूत्रधार एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति के अध्यक्ष, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने इस समस्या को लेकर भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ व जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की अपील की।

उन्होंने कहा कि “समय रहते हुए यदि इस गहरे गड्ढे और धंसी सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो यहां कोई बड़ा हादसा हो सकता है।” जिसका संज्ञान लेते हुए अब तीसरी बार फिर इस समस्या पर संज्ञान लिया गया है, संबंधित विभाग ने यहां खुदाई कर कार्रवाई शुरू कर दी है। भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली-पिलानी-राजस्थान मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन प्रतिदिन इस स्थान से होकर गुजरते हैं। गड्ढे के कारण यहां अक्सर लंबे जाम की स्थिति बन जाती है और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि लोक निर्माण विभाग , बी एंड आर या संबंधित विभाग, एनएच, एनएचएआई और नगर परिषद तुरंत संयुक्त निरीक्षण कर सड़क को स्थाई रूप से सुरक्षित बनाएं। ताकि कोई बड़ा हादसा ना हो सके और बार बार सड़क ज़मीन में न धंस सकें।
