राजेश बिष्ट

भिवानी। स्थानीय सेक्टर 13 स्थित चौ. बंसीलाल राजकीय बहुतकनीकी भिवानी में आज विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध सर्जन डॉ. डीके आहूजा (सिविल हॉस्पिटल, भिवानी) ने छात्रों एवं स्टाफ को कैंसर की रोकथाम, निदान एवं उपचार पर विस्तृत जानकारी दी।डॉ आहूजा ने अपने व्याख्यान में छात्रों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे विश्व में कैंसर अपने पाँव तेजी से फैलाता जा रहा है और इस बीमारी से सम्बन्धित आँकड़े अत्यंत भयावह हैं । अत: सबको समय रहते चेत में आने की आवश्यकता है जिसके लिए उन्होंने खान-पान सम्बंधित त्याज्य वस्तुओं से दूर रहने पर ज़ोर दिया और प्रदूषण रहित वातावरण में जीवन यापन करने की सलाह दी।

इस अवसर पर संस्थान की प्राचार्या डॉ गीता गुलिया, उप-प्राचार्य बृज मोहन एवं फैकल्टी सदस्य हर्ष चौधरी, डॉ सन्नी पन्नू इत्यादि ने भी छात्रों और स्टाफ सदस्यों को संबोधित किया और कैंसर के लक्षण, जांच और उपचार के बारे में विद्यार्थियों से जागरूक रहने की अपील की ।कार्यक्रम के अन्त में संस्थान की प्राचार्या डॉ गीता गुलिया ने डॉ आहूजा को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि संस्थान समाज का अहम अंग होने के नाते इस सम्बन्ध में जागरूकता लाने और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को शिक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।


