उत्तराखंड-नेपाल सीमा के पास बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 घायल

राजेश बिष्ट

उत्तराखंड मे पिथौरागढ़ जिले के झूलाघाट कस्बे के पास नेपाल की सीमा से लगे बैतड़ी में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई और 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई की हालत नाजुक बताई जा रही है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि बस बारात लेकर बैतड़ी से बजांग जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, पुरचुंणी नगरपालिका के भवने गांव से दुल्हन को लेकर चल रही बस सुनकुडा के बजांग के लिए निकली थी, लेकिन बड़गांव मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों और नेपाल पुलिस की मदद से घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों का इलाज बेहतर सुविधाओं के लिए धनगढ़ी भेजा गया।

जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि रात के समय नेपाल एपीएफ, प्रहरी और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत कार्य किया। हादसे में छह बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच की डडेलधुरा अस्पताल में और दो की कोटिला अस्पताल में मौत हुई। मृतकों में राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी, बिष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27), बसंत राज रतला (40), पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी शामिल हैं। हादसे के दौरान बस चालक भी घायल हुआ है। घायल चालक विरेंद्र बुढा को पुलिस ने अपने नियंत्रण में लिया है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और चढ़ाई पर बस का फिसलना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!