रामनगर में रिंगोड़ा के पास कार और पिकअप की भिड़ंत, दो डॉक्टर गंभीर रूप से घायल

राजेश बिष्ट

रामनगर (नैनीताल)। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के दो युवा डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नेशनल हाईवे-309 पर रामनगर से आगे रिंगोड़ा के पास सुबह करीब सात बजे हुआ, जहां एक कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज, बरेली के एनेस्थेजिया विभाग में पीजीजेआर सेकंड ईयर के छात्र-छात्रा डॉ. प्रस्तुति और डॉ. अभिषेक के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दोनों डॉक्टर सुबह गर्जिया की ओर जा रहे थे, तभी रिंगोड़ा के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई।हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मानवीयता का परिचय दिया और दोनों घायलों को अपने निजी वाहन से रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा दोनों का तत्काल प्राथमिक उपचार किया गया।रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि हादसे में डॉ. प्रस्तुति को सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, सिर पर कई टांके लगाए गए हैं। वहीं डॉ. अभिषेक के पैरों और कूल्हे में गहरी चोटें पाई गई हैं।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की स्थिति को देखते हुए तथा उनकी इच्छा पर बेहतर उपचार के लिए उन्हें रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज, बरेली रेफर कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों को बरेली रवाना किया गया। फिलहाल दोनों डॉक्टरों का उपचार रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज में जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!