गांव तिगड़ाना की रिश्तेदारी और भाईचारा उनके लिए हमेशा रहा सर्वोपरि : मेयर रामावतार वाल्मीकि

राजेश बिष्ट

रोहतक मेयर रामावतार वाल्मीकि का गांव तिगड़ाना में भव्य स्वागत, 26 साल पुरानी यादें हुईं ताजा

भिवानी : रोहतक के मेयर रामावतार वाल्मीकि का गांव तिगड़ाना पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा जोरदार नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्होंने गांव की धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए बाबा लद्दारी के चरणों में मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। गांव के बुजुर्गों और नौजवानों ने मेयर का फूल-मालाओं, पगड़ी पहनाकर और चादर भेंट कर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

इस मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए रामावतार वाल्मीकि ने ग्रामीणों के साथ अपने पुराने और गहरे रिश्ते का जिक्र करते हुए बताया कि तिगड़ाना उनका ससुराल है। मेयर ने बताया कि करीब 26 साल पहले उनकी शादी इसी गांव में हुई थी। उन्होंने कहा कि आज जिस गर्मजोशी से बुजुर्गों और युवाओं ने मेरा स्वागत किया है, उसने मेरी शादी की यादें ताजा कर दी हैं। 26 साल पहले जैसा मान-सम्मान मुझे एक दूल्हे के रूप में मिला था, आज भी गांव ने मुझे वही प्यार दिया है।

उन्होंने तिगड़ाना को एक मजबूत गांव बताते हुए कहा कि यहां की रिश्तेदारी और भाईचारा उनके लिए हमेशा सर्वोपरि रहा है। समाजसेवी दीपा तवर ने कार्यक्रम के दौरान मेयर के व्यक्तित्व और गांव से उनके जुड़ाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रामावतार वाल्मीकि न केवल एक कुशल प्रशासक हैं, बल्कि गांव के दामाद होने के नाते हर सुख-दुख में तिगड़ाना के साथ खड़े रहे हैं। स्वागत समारोह के दौरान गांव के प्रतिष्ठित संतों और गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी विशेष रही। इस अवसर पर बिचला मंदिर के महंत बाबा विनोद नाथ और महेंद्र बिचला मंदिर के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

मेयर ने पूरे गांव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस स्नेह के लिए सदैव ऋणी रहेंगे। इस अवसर पर बिचला मंदिर के महंत बाबा विनोद नाथ, अजय वेद, सूबेदार मुकेश, अनिल परमार, कुलदीप तंवर, बाबा सिंबल शर्मा, रिंकल तंवर, सोमवीर वाल्मीकि, सागर वाल्मीकि सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!