स्वच्छता के लिए सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने माइनिंग फंड से 72 लाख रुपए की लागत से जिला के विभिन्न 24 गांवों को भेंट किए स्मॉल ट्रैक्टर

राजेश बिष्ट

ग्रामीण विकास का आधार है स्वच्छता : सांसद धर्मबीर सिंह-

भिवानी। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने गांवों में सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के लिए शनिवार को स्थानीय पंचायत भवन में माइनिंग फंड से करीब 72 लाख रुपए की लागत से जिला के 24 गांवों को स्मॉल ट्रैक्टर भेंट किए। कार्यक्रम में सांसद ने अपना संदेश देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का दायित्व बनता है कि वे गांव को स्वच्छ और निर्मल बनाएं। हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गांवों और शहरों को स्वच्छ बनाने के सपने को साकार करना है। उन्होंने कहा कि इसमें पंचायत और अन्य जनप्रतिधियों के साथ-साथ प्रबुद्धजनों का सहयोग जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने पानी को व्यर्थ न बहाने का भी संदेश देते हुए कहा कि पानी की एक-एक बूंद कीमती है। सांसद ने महिला स्वयं सहायता समूहों की अधिक से अधिक मदद करने और प्राकृतिक खेती को अपनाने का भी आह्वान किया।

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा गांवों के समग्र विकास के लिए हर संभव सहायता राशि दी जा रही है। गांव का विकास ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों पर निर्भर होता है। उन्होंने कहा कि गांवों को दिए जा रहे ट्रैक्टरों का स्वच्छता कार्य में जरूर प्रयोग करें। स्वच्छता की शुरुआत भले ही किसी एक मोहल्ले से शुरू करें, लेकिन अपने पूरे गांव को स्वच्छ बनाएं।

उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक भिवानी, दादरी और महेंद्रगढ़ जिला में 200 ट्रैक्टर और दिए जाएंगे, इससे पहले भी इन जिलों जरूरत के अनुरूप ट्रैक्टर-ट्राली और टैंकर दिए जा चुके हैं।सांसद ने कहा कि अब वीबीजी राम जी योजना में तीन गुणा बजट की बढ़ोतरी की गई है। इससे जरूरतमंद मजदूरों को और अधिक रोजगार मिलेगा, जिससे उनके परिवार में खुशहाली आएगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि गांव के विकास के लिए एक सही ढंग की योजना बनाकर काम करना जरूरी है, जिससे जलभराव और गंदगी जैसी समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि जहां पर पानी की जरूरत है, वहां पंचायतों की खाली पड़ी जमीन पर वाटर बॉडी बनाएं, ताकि मानसून में बारिश का पानी स्टोर किया जा सके और उसे बाद में खेती के प्रयोग में लाया जा सके।

अपने संबोधन में सांसद ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे गांवों में महिला स्वयं सहायता समूहों की अधिक से अधिक मदद करें। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। ग्रामीण विकास में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान होता है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से गांवों सेे किसी भी प्रकार के नशे की बुराई को जड़मूल से समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री मोदी के 2047 में भारत को पूर्णरूप से विकसित बनाने के विजन में अपना पूर्ण सहयोग देना है।सांसद ने हरी झंडी दिखाकर ट्रैक्टरों को रवाना किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, एडवोकेट हरि सिंह सांगवान, अमर सिंह हालुवासिया, शीशराम चेयरमैन, दिलबाग नीमड़ी, सुनील वर्मा नंबरदार, प्रदीप प्रजापत, पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र भोलू, सुनील भारीवास, रामकिशन हलवासिया, पंकज कौशिक, कुलदीप शतरंज, कार्यकारी अभियंता संभव जैन सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!