डी.ए.वी. शताब्दी पब्लिक विद्यालय भिवानी में वार्षिक उत्सव ‘उड़ान-2026’ का भव्य आयोजन

राजेश बिष्ट

संस्कार, संस्कृति और सृजनात्मकता का अद्भुत संगम

भिवानी। डी.ए.वी. शताब्दी पब्लिक विद्यालय, भिवानी के प्रांगण में वार्षिक उत्सव ‘उड़ान-2026’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभा, सांस्कृतिक विविधता और डी.ए.वी. संस्था के मूल्यों का सजीव प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यापकवृंद द्वारा डी.ए.वी. गान के सामूहिक गायन से हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अनिल राव, पूर्व आईजी एवं उपप्रधान, डी.ए.वी. कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रीजनल ऑफिसर सुनीता बहल ने की, जबकि कार्यक्रम के निरीक्षक एवं मार्गदर्शक की भूमिका में विद्यालय प्रबंधक अजय एलावादी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में लोकल मैनेजिंग कमेटी के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेम प्रकाश अग्रवाल, दर्शन चंद मिड्ढा, दीनानाथ नागपाल, हनुमान कौशिक, योगेन्द्र नाथ, रामअवतार शर्मा प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष, कर्मबीर यादव, पार्षद संदीप दुहन तथा पत्रकारगण दीपक शर्मा, राजेश जांगड़ा, मनीष कुमार, नरेंद्र व मिंटू सैनी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि वार्षिक उत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में “विविधता में एकता”, आपसी सहयोग, सद्भावना एवं सामाजिक चेतना का विकास करना रहा। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन अध्यापिका अमिता परूथी द्वारा किया गया।

विद्यालय के चीफ ऑफिसर राजेश कुमार मुखी ने बताया कि नर्सरी से कक्षा नौवीं तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में हरियाणवी व पंजाबी नृत्य, स्वागत नृत्य, एनसीसी कैडेट्स द्वारा डम्बल व लेजियम प्रदर्शन, डी.ए.वी. सर्कस तथा सामाजिक संदेश से ओतप्रोत लघुनाटिका ‘नशे का शिकार – पूरा परिवार’ और नाटक ‘एक नई सोच, एक नया भारत – आर्य समाज’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ।

मुख्य अतिथि अनिल राव ने अपने प्रेरक संबोधन में डी.ए.वी. संस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी सुदृढ़ करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक एवं गूगल का विवेकपूर्ण और तार्किक उपयोग करने का संदेश दिया।रीजनल ऑफिसर सुनीता बहल ने कहा कि डी.ए.वी. विद्यालयों में विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों का निरंतर पोषण किया जाता है।

वहीं विद्यालय प्रबंधक अजय एलावादी ने अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु समय देने की अपील करते हुए आर्य समाज के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने पर बल दिया। सेवानिवृत्त जिला कोच दर्शन लाल मिड्ढा ने डी.ए.वी. संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि यहां के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और नैतिक मूल्यों में भी अग्रणी हैं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या जगदीप कौर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया। अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।वार्षिक उत्सव ‘उड़ान-2026’ न केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, संस्कार और सामाजिक चेतना का सशक्त मंच बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!