राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। थाना साइबर क्राइम पुलिस भिवानी की टीम द्वारा राधा कृष्णा मदर केयर फाउंडेशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क और जागरूक करना रहा। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार थाना साइबर क्राइम भिवानी की टीम निरंतर कोचिंग सेंटरों, स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों और आम नागरिकों को वर्तमान समय में हो रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है।

इसी क्रम में थाना साइबर क्राइम भिवानी से विष्णु कुमार अपनी साइबर टीम के साथ राधा कृष्णा मदर केयर फाउंडेशन पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान संस्थान में विभिन्न कोर्स कर रहे युवक-युवतियों को साइबर टीम द्वारा वर्तमान में प्रचलित साइबर अपराधों की विस्तृत जानकारी दी गई।साइबर टीम ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फिशिंग, ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी जैसे अपराधों को उदाहरण सहित समझाया तथा इनसे बचाव के लिए क्या करें और क्या न करें की उपयोगी जानकारी साझा की।

इसके साथ ही साइबर अपराध घटित होने की स्थिति में तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में भी विस्तार से बताया गया। उपस्थित सभी लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर प्रतिक्रिया न दें और सतर्क रहें।जिला पुलिस भिवानी ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस थाना में दें।

