सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी ने कोर्ट परिसर के बाहर युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में मुख्य आरोपी सहित एक अन्य आरोपी को किया गिरफ्तार

भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी ने कोर्ट परिसर के बाहर युवक पर जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के इंचार्ज निरीक्षक रविंद्र कुमार को 03 फरवरी को सूचना मिली कि अदालत में पेशी के लिए आए अरविंद नामक युवक पर वकीलों के चैंबर के पास स्थित कैंटीन के नजदीक कुछ युवकों ने फायरिंग की और हुड्डा पार्क की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही निरीक्षक रविंद्र कुमार अपनी टीम के साथ आरोपियों का पीछा करते हुए हुड्डा पार्क पहुंचे।पुलिस टीम को देखते ही आरोपी आयुष ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी आयुष के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरे आरोपी ईजराइल को भी पत्थरों पर गिरने से चोट लगने के बाद काबू कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष उर्फ बॉक्सर पुत्र रमेश, निवासी डाबर कॉलोनी, गली नंबर-19, भिवानी तथा ईजराइल पुत्र लतीफ, निवासी हिंडोल, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में सामान्य अस्पताल भिवानी में भर्ती कराया गया।08 फरवरी को सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के उप-निरीक्षक बलजीत सिंह द्वारा मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सामान्य अस्पताल भिवानी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी आयुष के कब्जे से एक पिस्टल भी बरामद की गई है।थाना सिविल लाइन भिवानी में आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी ईजराइल के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और लड़ाई-झगड़े के दो मामले दर्ज हैं।दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेजने के आदेश पारित किए गए। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!