नए भारत का उदय
भिवानी। कोर्ट परिसर के बाहर कैंटीन के पास एक युवक पर जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग के मामले में भिवानी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके से ही काबू कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में गंभीर आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इन्हीं निर्देशों की अनुपालना में थाना सिविल लाइन पुलिस ने इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई की।
सीआईए स्टाफ द्वितीय भिवानी के इंचार्ज उप-निरीक्षक विशेष कुमार को मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना मिली कि अरविंद नामक युवक किसी कार्य से कोर्ट परिसर आया हुआ था, जहां कैंटीन के पास कुछ युवकों ने उस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। फायरिंग के बाद आरोपी बीपीएस स्कूल की ओर झाड़ियों के रास्ते फरार हो गए।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए उप-निरीक्षक विशेष कुमार ने तुरंत पुलिस टीम गठित कर क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं सर्च अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर भी जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी जितेंद्र के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी श्रीपाल को मौके पर ही काबू कर लिया गया। घायल आरोपी जितेंद्र और काबू किए गए आरोपी श्रीपाल को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भिवानी में भर्ती कराया गया। थाना सिविल लाइन भिवानी में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
08 फरवरी को प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी सेक्टर-13 के इंचार्ज एएसआई विजय कुमार ने पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में दोनों आरोपियों को सामान्य अस्पताल भिवानी से औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू पुत्र विजय, निवासी ब्रह्मा कॉलोनी, भिवानी तथा श्रीपाल पुत्र महेंद्र, निवासी दिनोद गेट, हाल डाबर कॉलोनी, भिवानी के रूप में हुई है। आरोपी जितेंद्र के कब्जे से एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेजने के आदेश पारित किए गए। पुलिस का कहना है कि अभियोग में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
