प्रतिभाओं को आगे लाना ही राष्ट्रीय प्रतिभा विकास मंच का एकमात्र उद्देश्य : सुनीता दुग्गल

राजेश बिष्ट

वर्कशॉप, मोटिवेशन स्पीच व सम्मान समारोहों से सामने आएंगी छिपी प्रतिभाएं

भिवानी। समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव प्रतिभाशाली युवाओं पर टिकी होती है। यदि समय रहते उनकी पहचान कर उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन दिया जाए, तो यही प्रतिभाएं भविष्य में देश का नाम रोशन करती हैं। यह विचार निवर्तमान सांसद एवं राष्ट्रीय प्रतिभा विकास मंच की मुख्य संरक्षक सुनीता दुग्गल ने व्यक्त किए।उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल, कला एवं अन्य विविध क्षेत्रों में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना ही समाज और देश को प्रगति की राह पर ले जाने का सशक्त माध्यम है। राष्ट्रीय प्रतिभा विकास मंच इसी उद्देश्य के साथ निरंतर कार्य कर रहा है, ताकि किसी भी प्रतिभा को अवसरों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े।

सुनीता दुग्गल ने कहा कि आज के समय में हमारे बच्चे शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में कड़ी मेहनत कर उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और समाज, प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे में उनकी मेहनत को पहचान देना और सही दिशा में मार्गदर्शन करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए समय-समय पर वर्कशॉप, मोटिवेशन स्पीच, प्रोत्साहन कार्यक्रम और सम्मान समारोहों का आयोजन बेहद आवश्यक है। इन आयोजनों से न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि उनके भीतर छिपी प्रतिभा भी सामने आती है।

राष्ट्रीय प्रतिभा विकास मंच के संचालक एवं अध्यक्ष सतबीर सिंह देहरान ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी अप्रैल माह में भिवानी में दो दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। इस वर्कशॉप में पूरे हरियाणा प्रदेश से योग्यता और उपलब्धियों के आधार पर 50 प्रतिभावान बच्चों का चयन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि चयनित बच्चों को शिक्षा, खेल व अन्य क्षेत्रों के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञों और अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा। वर्कशॉप के दौरान तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ मोटिवेशन सत्रों के माध्यम से आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का भी विकास किया जाएगा।

राष्ट्रीय प्रतिभा विकास मंच के महासचिव राजेश खनगवाल, उपाध्यक्ष अजीत लड़वाल एवं प्रदीप खनगवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि यह मंच द्वारा आयोजित दूसरी वर्कशॉप होगी।उन्होंने कहा कि चयनित सभी बच्चों के लिए रहने, खाने-पीने और अन्य आवश्यक सुविधाएं मंच द्वारा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक कारणों से पीछे न रह जाए।

मंच के सह सचिव सज्जन इटकान, हरियाणा राज्य अध्यक्ष प्रकाश चंद खनगवाल एवं महासचिव सोनू बूमरा ने कहा कि शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। प्रतिभाओं में निवेश करना ही भविष्य में मजबूत राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी है।प्रतिभा विकास मंच भिवानी के अध्यक्ष राजेश खटक एवं महासचिव अनिल नागर ने बताया कि शीघ्र ही एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर प्रस्तावित वर्कशॉप को सफल बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। राष्ट्रीय प्रतिभा विकास मंच का यह प्रयास निश्चित रूप से प्रतिभाशाली बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!