राजेश बिष्ट
बाली शर्मा व अनुज शर्मा के लोकगीतों व हरियाणवी रागनियों से गूंजी धर्मशाला

भिवानी।श्री श्याम हिंदू सम्मेलन संयोजक समिति धारेडू के तत्वावधान में गांव धारेडू स्थित श्री श्याम धर्मशाला में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में हरियाणा की समृद्ध संस्कृति, सामाजिक समरसता और धार्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत यज्ञ हवन व वैदिक मंत्रोच्चारण व दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया।सम्मेलन में प्रसिद्ध लोक गायक हरियाणा केसरी बाली शर्मा तथा उनके पुत्र लोकगायक अनुज शर्मा ने हरियाणवी संस्कृति से जुड़ी रागनियों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रोता झूम उठे और पूरा वातावरण सांस्कृतिक रंग में रंग गया। लोकगीतों के माध्यम से सामाजिक एकता, परंपराओं और संस्कारों का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जयभान उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जयप्रकाश ने की। सम्मेलन के संयोजक ग्राम सरपंच बजरंग शर्मा रहे।

मुख्य वक्ता वरुण बजरंगी ने अपने संबोधन में हिंदू समाज को एकजुट रहने, संस्कृति की रक्षा करने और युवाओं को संस्कारवान बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।इस अवसर पर पूर्व सरपंच पवन, ईश्वर, सुरेश जी महाराज, मास्टर प्रमोद, मंजीत शर्मा, शिवनारायण, समाजसेवी सुनील शर्मा, हरबिलास महाराज, मास्टर राजबीर, पूर्व सरपंच विजय शर्मा तथा भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता समाजसेवी अशोक कुमार भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए सामाजिक सद्भाव, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।सम्मेलन के समापन पर आयोजक समिति ने सभी अतिथियों, कलाकारों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
