आत्मनिर्भर, समावेशी और सशक्त भारत की दिशा में बजट मील का पत्थर : विरेन्द्र कौशिक

राजेश बिष्ट

सेवा नगर कॉलोनी भिवानी में “विकसित भारत बजट प्रबुद्धजन सम्मेलन” आयोजित

भिवानी। सेवा नगर कॉलोनी, भिवानी में “विकसित भारत बजट प्रबुद्धजन सम्मेलन” का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। सम्मेलन में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत विकसित भारत बजट पर विस्तार से चर्चा की गई तथा इसके सामाजिक, आर्थिक और राष्ट्रीय प्रभावों पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर, समावेशी और सशक्त भारत के निर्माण का स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए ऐसा बजट प्रस्तुत किया है, जो देश को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में ले जाने की मजबूत नींव रखता है।

विरेन्द्र कौशिक ने कहा कि विकसित भारत बजट के माध्यम से उद्योग, व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने पर विशेष फोकस किया गया है। एमएसएमई सेक्टर, स्टार्टअप्स और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल आर्थिक विकास को गति देगा, बल्कि आम नागरिक के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। महिलाओं, किसानों, मजदूरों, मध्यम वर्ग और युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट सामाजिक न्याय और समान अवसर की भावना को और मजबूत करता है।

अपने संबोधन में विरेन्द्र कौशिक ने कहा कि इस बजट से नीतिगत दिशा के साथ-साथ जनभागीदारी को भी नई ऊर्जा मिलेगी। आम नागरिक अब सरकार की योजनाओं से सीधे जुड़कर देश के विकास में सहभागी बन रहा है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत” का सपना तभी साकार होगा जब समाज का हर वर्ग इस अभियान में अपनी भूमिका निभाएगा।

सम्मेलन के दौरान विरेन्द्र कौशिक ने क्षेत्रवासियों से संवाद किया और सेवा नगर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। लोगों ने सड़क, सीवरेज, पेयजल, बिजली और अन्य स्थानीय मुद्दों को उनके समक्ष रखा। जिला अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं को संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर विनोद चावला, राजेश जांगड़ा, सतबीर श्योराण, अधिवक्ता राकेश जोगी, रोहताश वर्मा, रामोवतार, जय प्रकाश सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। सभी ने विकसित भारत बजट की सराहना करते हुए इसे देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराया और केंद्र सरकार की नीतियों पर विश्वास जताया। सम्मेलन सकारात्मक माहौल में संपन्न हुआ, जहां जनसंवाद और विचार-विमर्श के माध्यम से विकास की दिशा को और स्पष्ट किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!