राजेश बिष्ट
भिवानी। वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भिवानी के प्रांगण में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उल्लास और भावनाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ की गई। 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों का तिलक, पुष्प एवं तालियों की गूंज के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।

विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। स्वागत गीत से वरिष्ठ विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात पंजाबी नृत्य, कविता-पाठ, नाट्य प्रस्तुति सहित कई रंगारंग कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित मनोरंजक खेलों ने समारोह में उत्साह और बढ़ा दिया।इस अवसर पर 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक क्षण उत्पन्न कर दिए। शिक्षकों के मार्गदर्शन और स्नेह को याद करते हुए कई छात्र-छात्राएं भावुक नजर आए।प्रधानाचार्या महोदया ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने उनके संदेश को पूर्ण अनुशासन और गंभीरता से सुना।कार्यक्रम के अंत में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने विद्यालय एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा मंच का सफल संचालन किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं जलपान के साथ हुआ।विदाई समारोह भावनाओं से ओत-प्रोत होने के साथ-साथ उल्लासपूर्ण भी रहा, जिसने विद्यार्थियों की स्मृतियों में एक विशेष स्थान बना लिया।
