राजेश बिष्ट

भिवानी। हनुमान गेट क्षेत्र में पब्लिक हेल्थ विभाग की कथित लापरवाही के चलते आमजन की जान जोखिम में पड़ गई है। करीब तीन माह पूर्व विभाग द्वारा सड़क को खोदने के बाद उसे यूं ही छोड़ दिया गया, लेकिन अब तक गड्ढे को भरने या सड़क की मरम्मत की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लगभग 10 फुट गहरा यह गड्ढा अब स्थानीय लोगों के लिए ‘मौत का जाल’ बन चुका है।बसपा नेता पवन ठाकुर ने मामले पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग की घोर लापरवाही के कारण क्षेत्रवासी भय के साये में जीवन यापन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों राहगीर, स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और वाहन चालक गुजरते हैं। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जब अंधेरे में यह गड्ढा दिखाई नहीं देता और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

पवन ठाकुर ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जो प्रशासनिक उदासीनता और जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सड़क को खोदकर छोड़ देना और महीनों तक उसकी सुध न लेना गैर-जिम्मेदाराना रवैया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही गड्ढे को भरकर सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा। साथ ही किसी भी अनहोनी की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।

स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके और क्षेत्र में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।जनता की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
