डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू द्वारा अवैध हथियार सप्लाई करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

राजेश बिष्ट

भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला में अवैध हथियार रखने एवं सप्लाई करने वालों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने अवैध हथियार उपलब्ध कराने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। 08 दिसम्बर 2025 को डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने आरोपी विक्की पुत्र मुकेश निवासी मिताथल को एक अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना शहर भिवानी में शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग पंजीबद्ध किया गया था।

पूछताछ के दौरान आरोपी विक्की ने खुलासा किया कि उक्त अवैध हथियार उसने ऋषि राज से प्राप्त किया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा गहन जांच करते हुए आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई। इसी क्रम में अवैध हथियार सप्लाई करने के आरोप में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार करने हेतु माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋषि राज पुत्र सुरेंद्र निवासी सलहेड़ा, जिला अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ऋषि राज ने स्वीकार किया कि उसने एक अवैध हथियार 40,000 रुपये में आरोपी विक्की को बेचा था। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश जारी किए गए हैं।जिला पुलिस भिवानी अवैध हथियारों की सप्लाई और तस्करी में शामिल तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!