राजेश बिष्ट

विपक्ष फैला रहा पेंशन पर भ्रम, किसी की पेंशन नहीं काटी गई : कौशिक
भिवानी। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और इनेलो पेंशन के मुद्दे पर जनता के बीच भ्रम फैलाकर अपनी झूठ की दुकान चलाने की कोशिश कर रहे हैं। गांव सांगा में आयोजित अपने भव्य सम्मान समारोह के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कौशिक ने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार बुजुर्गों का सम्मान करने में देश में सबसे आगे है और किसी भी पात्र व्यक्ति की पेंशन नहीं काटी गई है। सम्मान समारोह के आयोजक ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सुरेश सांगा रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल महामंत्री सुनील धारेडू ने किया।

वीरेंद्र कौशिक ने पिछली सरकारों के कार्यकाल की तुलना करते हुए बताया कि बीजेपी सरकार ने बुजुर्गों के लिए सबसे अधिक काम किया है। उन्होंने कहा कि इनेलो ने 5 साल में मात्र 200 रूपये, कांग्रेस ने 10 साल में 700 रूपये तथा भाजपा ने 11 साल में 2200 रूपये की रिकॉर्ड वृद्धि की है तथा अब 3200 रूपये मासिक सर्वाधिक पेंशन देने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बना है। कौशिक ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष उंगली कटवाकर शहीद बनने की कोशिश कर रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि बीजेपी ने लाभार्थियों की संख्या 17 लाख से बढ़ाकर अब 20 लाख 31 हजार 367 कर दी है। विपक्ष द्वारा आय सीमा को लेकर फैलाए जा रहे झूठ पर कौशिक ने स्पष्ट किया कि आय सीमा सबसे पहले 13 अगस्त 1992 को कांग्रेस सरकार के दौरान लगाई गई थी, तब पेंशन मात्र 100 रुपये थी।

समारोह में कौशिक ने कहा कि सरकार केवल पेंशन ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य की भी चिंता कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है, ताकि परिवारों पर आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने जोर देकर कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य है कि गरीब का पैसा सीधे उसके खाते में जाए। इस अवसर पर रमेश पचेरवाल, प्रदीप प्रजापति, धीरज बापोड़ा, अंकित पालुवास, सरपंच सुनील, जयवीर शर्मा, सतपाल, अशोक बिडलान सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

