राजेश बिष्ट
भिवानी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बुजुर्गों की पेंशन को लेकर की गई घोषणा का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में किसी भी बुजुर्ग की पेंशन नहीं काटी गई है और न ही भविष्य में काटी जाएगी।इस घोषणा का स्वागत करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश सह मीडिया प्रमुख रीतिक वधवा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को स्पष्ट कर विपक्ष द्वारा इस मुद्दे पर की जा रही राजनीति को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि प्रदेश में किसी भी जीवित बुजुर्ग की पेंशन बंद नहीं की गई है।रीतिक वधवा ने बताया कि वर्तमान में आय सत्यापन का कार्य चल रहा है और केवल उन्हीं बुजुर्गों की पेंशन स्वतः बंद हुई है, जिनका निधन हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब पेंशन बनना, जन्म प्रमाण पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र बनना पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत होता है। ऐसे में जब किसी बुजुर्ग के परिजन मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करते हैं और प्रमाण पत्र जारी हो जाता है, तो संबंधित व्यक्ति की पेंशन स्वतः बंद हो जाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस तथ्य को नजरअंदाज कर केवल मृत बुजुर्गों की पेंशन बंद होने के मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहा है, जो पूरी तरह भ्रामक है।रीतिक वधवा ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश करते हुए बुजुर्ग सम्मान भत्ता, लाडो लक्ष्मी योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाली पेंशन जारी रखने के निर्देश दिए हैं। सरकार के इस निर्णय से बुजुर्गों और अन्य पात्र लाभार्थियों में राहत का माहौल है।उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल रहा है।
