नए भारत का उदय
भिवानी। तोशाम से एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामले में क्रेशर एसोसिएशन के पूर्व प्रधान कृष्ण मलिक गिरफ्तार।उन्हें रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जहां पुलिस ने इस संबंध में कोई बयान देने से इन्कार कर दिया। वहीं व्यापार मंडल के प्रधान जोगेंद्र मलिक ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है।
जानकारी के अनुसार कृष्ण मलिक के खिलाफ एससी-एसटी का मामला दर्ज हुआ है। रविवार शाम अचानक घटनाक्रम सामने आया, जब कृष्ण मलिक के सोशल अकाउंट पर लाइव प्रसारण में दिखा कि डीएसपी दलीप सिंह और थाना प्रभारी महाबीर सिंह पुलिस बल के साथ खानक स्थित मलिक परिवार की क्रेशर इकाई पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस कृष्ण मलिक को गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया था।
घटनाक्रम के दौरान कृष्ण मलिक के भाई व्यापार मंडल के प्रधान जोगेंद्र मलिक कैमरे के सामने आए और उन्होंने पूरे मामले को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार को लगातार राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार बनाया जा रहा है और यह मामला भी उसी कड़ी का हिस्सा है। जोगेंद्र मलिक ने कहा कि खानक में दो पक्षों के बीच हुए विवाद से उनका कोई वास्ता नहीं था बावजूद इसके कृष्ण मलिक और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि जनता इस राजनीतिक षड्यंत्र को देख रही है और इसका जवाब जनता ही देगी। उन्होंने कहा कि मलिक परिवार जनता की आवाज उठाता रहेगा। वहीं इस पूरे प्रकरण में पुलिस अधिकारियों ने कोई भी बयान नहीं दिया।
