राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। महाशिवरात्रि के पावन महापर्व के सुअवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, दिव्य भवन, रूद्रा कॉलोनी, भिवानी द्वारा परमात्म संदेश देते हुए कलश एवं शिव ध्वज के साथ एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा को वर्धमान ज्वैलर्स के डायरेक्टर एवं “हमारा अपना फाउंडेशन” के प्रोपराइटर सचिन जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर शाखा संचालिका बीके रजनी दीदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिवरात्रि और नवरात्रि ऐसे दो प्रमुख पर्व हैं जिन्हें वर्ष में दो बार मनाया जाता है और दोनों के साथ ‘रात्रि’ शब्द जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि जब सृष्टि पर विकारों और पापों का अंधकार चरम सीमा पर होता है, वह रात्रि का प्रतीक होता है। ऐसे समय परमपिता परमात्मा शिव इस धरा पर अवतरित होकर सत्य ज्ञान प्रदान करते हैं और मनुष्य आत्माओं को पापों से मुक्त कर सत्कर्म का मार्ग दिखाते हैं।

उन्होंने कहा कि पापों से मुक्ति दिलाने के कारण उन्हें पापकटेश्वर कहा जाता है। स्वयं इस धरा पर अवतरित होने के कारण उन्हें स्वयंभू और खुदा भी कहा जाता है। शिव का अर्थ ही कल्याणकारी है, इसलिए उन्हें सदैव सदाशिव के नाम से जाना जाता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि शिवरात्रि के वास्तविक संदेश को समझते हुए परमात्मा को याद करें, अपने मन को स्वच्छ बनाएं, सबको माफ करें और दैवी गुणों को अपनाकर जीवन को श्रेष्ठ बनाएं।

कार्यक्रम के दौरान एक सुंदर लघु नाटिका के माध्यम से भी शिवरात्रि के गूढ़ रहस्यों को प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। इस अवसर पर प्रधान अग्रवाल सभा सुनील सर्राफ, एमसी जयवीर रंगा, जिला प्रवक्ता विनोद चावला, सतीश विद, मनीष विद, शिक्षाविद एवं समाजसेवी, ओपी नंदवानी तथा नरेश अहुजा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सभी को शिवरात्रि की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी बीके सुभाष गोयल, बीके कृष्णा, बीके नवीन, बीके बबीता, बीके रमाकांत सहित बड़ी संख्या में बीके भाई-बहन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
