पिछले 6 माह से कमीशन ना मिलने के चलते डिपो होल्डर के समक्ष खड़ा हुआ बड़ा आर्थिक संकट

बकाया कमीशन की मार : भिवानी के डिपो होल्डरों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

भिवानी।हरियाणा के डिपो होल्डरों की आर्थिक स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। पिछले छह महीनों से कमीशन का भुगतान न होने के कारण अब डिपो होल्डरों का सब्र जवाब देने लगा है। स्थानीय हुडा पार्क में आयोजित डिपो होल्डर यूनियन भिवानी की बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रधान राज सरपंच और शहरी प्रधान हरदेश कुमार हैप्पी ने सरकार से अपना हक जल्द से जल्द रिलीज करने की पुरजोर मांग की है। उन्होंने बताया कि डिपो होल्डरों को चीनी के साथ दिए जाने वाले तेल (सरसों का तेल/खाद्य तेल) की खरीद के लिए अपनी जेब से पैसे लगाने पड़ रहे हैं। 6 महीने से बकाया कमीशन न मिलने के कारण उनके पास वर्किंग कैपिटल पूरी तरह खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब सरकार समय पर कमीशन नहीं देती, तो डिपो होल्डर राशन वितरण की व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अपनी निजी बचत या कर्ज लेकर सामान खरीदते हैं। यह स्थिति अब असहनीय हो गई है। कमीशन न मिलने से डिपो होल्डरों के सामने घर चलाने और डिपो का किराया व बिजली बिल भरने तक की समस्या खड़ी हो गई।

उन्होंने कहा कि कार द्वारा तेल के लिए एडवांस पेमेंट की व्यवस्था या कमीशन में देरी के कारण राशन वितरण प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। वही सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने वाले इन प्रतिनिधियों को अपनी मेहनत की कमाई के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। शहरी प्रधान हरदेश कुमार हैप्पी ने कहा कि डिपो होल्डर सरकार और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन सरकार उनकी बुनियादी जरूरतों और हक को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही 6 महीने का बकाया कमीशन जारी नहीं किया गया, तो यूनियन आगामी रणनीति बनाने और कड़े कदम उठाने पर मजबूर होगी। भिवानी डिपो होल्डर यूनियन ने स्पष्ट किया है कि वे केवल अपना वाजिब हक मांग रहे हैं ताकि प्रदेश की गरीब जनता को मिलने वाले राशन वितरण में कोई बाधा न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!