
गौ सेवा के लिए सरकार तत्पर, सरकार का उद्देश्य हर घर में हो एक गाय : गजेंद्र फौगाट
भिवानी। जिला के गांव बापोंड़ा स्थित बाबा पंचवीर गौशाला में इन दिनों लोक संस्कृति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। हरियाणा कला परिषद के सहयोग से आयोजित सात दिवसीय सांग महोत्सव के छठे दिन बतौर मुख्य अतिथि गजेंद्र फोगट ओएसडी एवं क्षेत्रीय निदेशक हरियाणा कला परिषद रोहतक मंडल और महंत अमरदास ने शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गजेंद्र फोगट ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार पंजीकृत गौशालाओं को निरंतर आर्थिक मदद पहुँचा रही है। फौगाट ने कहा कि गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। गाय का दूध, मूत्र और गोबर औषधीय गुणों से भरपूर है, जो अनेक रोगों का नाश करता है। उन्होंने अपील की कि हर परिवार को अपने घर में कम से कम एक गाय जरूर पालनी चाहिए।
इस दौरान सांगी वेद प्रकाश की मंडली ने मुगलकालीन पृष्ठभूमि पर आधारित ऐतिहासिक सांग जमल-फते का शानदार मंचन किया। सांग के माध्यम से जोधपुर रियासत के वीर जमल की शौर्य गाथा दिखाई गई। कहानी में दिखाया गया कि कैसे बड़े भाई बीरम दे की मृत्यु के बाद छोटे भाई माल दे के मन में राज्य के प्रति खोट आ गया। जमल की माता ने सूझबूझ से अपने पुत्र को सुरक्षित निकाला और कुंभानेर में उसकी परवरिश की। सांग के उस दृश्य ने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए, जब जमल ने अपनी वीरता के दम पर अलग रियासत ‘मेड़ता’ बसाई और अकबर की सेना के खिलाफ अदम्य साहस दिखाते हुए वीरगति प्राप्त की।
गौशाला पहुंचने पर गजेंद्र फोगट का फूल-मालाओं, स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) और पारंपरिक पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। महंत अमरदास को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने हरियाणा कला परिषद का इस सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पवन प्रधान, सरपंच सुग्रीव सिंह, सरपंच सुल्तान सिंह, सरपंच राजेंद्र सिंह, रामफल कोच, विनोद जेई, तेजवीर सिंह, जय प्रकाश, राजरूप पहलवान और बड़ी संख्या में गौ भक्त व ग्रामीण मौजूद रहे।
