राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। दादरी गेट, ढाणा रोड, पंचायती धर्मशाला के समीप टूटे हुए बरसाती नाले एवं फायर ब्रिगेड विभाग की आपातकालीन व्यवस्था में कमी को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं सैनी विचार मंच इंडिया के राष्ट्रीय संयोजक सुरेश सैनी ने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समाधान शिविर में लिखित शिकायत दर्ज करवाई।शिकायत में उन्होंने अवगत कराया कि कुछ माह पूर्व संबंधित विभाग द्वारा बरसाती नाले की सफाई तो कर दी गई, लेकिन उसके बाद लगभग 10 फुट चौड़ा हिस्सा टूटा हुआ ही छोड़ दिया गया। यह टूटा नाला आम नागरिकों, राहगीरों एवं पशुओं के लिए गंभीर दुर्घटना का कारण बन रहा है। क्षेत्रवासी लगातार भय के माहौल में आवागमन करने को मजबूर हैं।

उन्होंने बताया कि दिनांक 14 फरवरी को सायं लगभग 6 बजे एक सांड उक्त नाले में गिर गया था। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई तथा जनस्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को भी अवगत कराया गया। 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची, परंतु फायर ब्रिगेड विभाग की टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंची। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद गौ रक्षा दल एवं स्थानीय नागरिकों ने निजी ट्रैक्टर की सहायता से सांड को सुरक्षित बाहर निकाला।

सुरेश सैनी ने कहा कि पूर्व में भी देखा गया है कि आपातकालीन परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड विभाग के पास पर्याप्त संसाधन, उपकरण एवं प्रशिक्षित कर्मियों की कमी के कारण समय पर राहत कार्य नहीं हो पाता। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने समाधान शिविर में प्रशासन से टूटे हुए बरसाती नाले को तत्काल प्रभाव से ढकवाया जाए अथवा उसकी स्थायी मरम्मत करवाई जाए।संबंधित लापरवाह अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाए।

आपातकालीन स्थिति के लिए स्पष्ट टोल फ्री नंबर सार्वजनिक किए जाएं, ताकि आमजन तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।फायर ब्रिगेड विभाग को आवश्यक आधुनिक उपकरण, संसाधन एवं प्रशिक्षित कर्मी उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। समाधान शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने मामले की जांच कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
