राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी/ बवानी खेड़ा। हरियाणा राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा चेयरमैन डीएलएसए डीआर चालिया के निर्देशानुसार और सीजेएम एवं सचिव डीएलएसए पवन कुमार की अध्यक्षता में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम के तहत 24 फरवरी को गांव रोहनात में मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस मेगा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगी, जहां विभागों के अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। इसके साथ ही पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
सीजेएम एवं सचिव डीएलएसए पवन कुमार ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों से बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को जोड़ने और शिविर को जनभागीदारी का प्रभावी मंच बनाने का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि इस मेगा विधिक सेवा शिविर में एक दर्जन से अधिक विभाग शामिल होंगे, जहां आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी परामर्श तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।इस अवसर पर न्यायिक अधिकारीगण, जिले के सभी विभागीय अधिकारी, एलएडीसीएस सदस्य, पैनल अधिवक्ता, अधिकार मित्र एवं डीएलएसए स्टाफ भी उपस्थित रहेंगे।
