राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल भिवानी की टीम ने एक ट्रक चालक को मादक पदार्थ चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार 21 फरवरी को एंटी नारकोटिक सेल भिवानी के सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार अपनी टीम के साथ गश्त व पड़ताल ड्यूटी पर राजगढ़ रोड, सिवानी मार्केट के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि एक ट्राला चालक राजस्थान से अपने वाहन में मादक पदार्थ चूरा पोस्त लेकर आया है और गोलू मार्केट सिवानी में ट्रक सहित खड़ा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर तुरंत छापेमारी की। तलाशी के दौरान ट्रक से 1 किलो 701 ग्राम मादक पदार्थ चूरा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया तथा ट्रक को भी कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल पुत्र राजबीर निवासी गांव रतेरा, जिला भिवानी के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना सिवानी में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चूरा पोस्त का सेवन करने का आदी है और अपने सेवन के लिए ही यह मादक पदार्थ खरीदकर लाया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह मादक पदार्थ कहां से लेकर आया और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
